>>>>>गढ़ी लांगरी में सिख समाज का भव्य सम्मान समारोह आयोजित
राजेश वर्मा। कुरुक्षेत्र भूमि
पिहोवा
विधानसभा क्षेत्र के गांव गढ़ी लांगरी में रविवार को सिख समाज द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा लीगल सेल के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुशांत भारती रहे।
समारोह के दौरान सिख समाज ने कुरुक्षेत्र में प्रस्तावित सिख संग्रहालय के शिलान्यास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि सुशांत भारती ने अपने संबोधन में कहा कि कुरुक्षेत्र की ऐतिहासिक एवं धार्मिक भूमि पर सिख संग्रहालय का निर्माण पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। इससे आने वाली पीढ़ियों को सिख गुरुओं के त्याग, बलिदान, इतिहास एवं महान परंपराओं से परिचित होने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गों की आस्था एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रत्येक वर्ग के सम्मान और समग्र विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। सिख समाज के इतिहास एवं योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर उचित सम्मान दिलाने हेतु सरकार द्वारा उठाए गए कदम सराहनीय हैं। उन्होंने समाज से विकास कार्यों में सहयोग देने तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सिख समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय के निर्माण से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सिख इतिहास एवं समृद्ध विरासत से अवगत होने का अवसर मिलेगा। उन्होंने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह के दौरान सामाजिक एकता, भाईचारे एवं समाज की प्रगति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
गढ़ी लांगरी में आयोजित सिख समाज के सम्मान समारोह के दौरान मुख्य अतिथि सुशांत भारती का फूलमाला पहनाकर स्वागत करते हुए समाज के पदाधिकारी।
अन्य कार्यक्रम
- ब्लॉक इस्माइलाबाद में मनोनीत पार्षद गुरप्रीत पंजरथ के कार्यालय में सुशांत भारती ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर पूर्व सरपंच सोनू अरोड़ा एवं सुभाष भी उपस्थित रहे।

- इस्माइलाबाद वार्ड-9 के पार्षद अश्वनी शर्मा के कार्यालय में भी सुशांत भारती ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर क्षेत्रीय विकास से संबंधित विषयों पर चर्चा की।

- गांव मेघामाजरा (ब्लॉक इस्माइलाबाद) में बीएल-2 चरणजीत एवं पूर्व सरपंच जसवंत के निवास पर आयोजित जलपान कार्यक्रम में सहभागिता की।

- इस्माइलाबाद में आयोजित शक्ति केंद्र टिफिन बैठक में कार्यकर्ताओं के साथ सहभागिता करते हुए संगठन की मजबूती एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की तथा सभी के साथ भोजन ग्रहण किया।
- इस अवसर पर गुरपाल सरपंच, रणजीत सिंह, भूपिंदर सिंह, इकबाल सिंह, दलजीत सिंह, कश्मीर सिंह, कुलदीप सिंह, बलबीर सिंह सहित सिख समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

