अभिषेक पूर्णिमा
गढ़ी लांगरी में सिख समाज का भव्य सम्मान समारोह, सिख संग्रहालय के शिलान्यास पर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का जताया आभार
पिहोवा। विधानसभा क्षेत्र के गांव गढ़ी लांगरी में रविवार को सिख समाज की ओर से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा लीगल सेल के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुशांत भारती रहे। समारोह के दौरान सिख समाज ने कुरुक्षेत्र में प्रस्तावित सिख संग्रहालय के शिलान्यास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सुशांत भारती ने कहा कि कुरुक्षेत्र की ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरती पर सिख संग्रहालय का निर्माण होना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। इससे आने वाली पीढ़ियों को सिख गुरुओं के त्याग, बलिदान, इतिहास और महान परंपराओं को जानने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गों की आस्था और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हर वर्ग के सम्मान और विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। सिख समाज के इतिहास और योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने के लिए उठाए गए कदम सराहनीय हैं। उन्होंने समाज से विकास कार्यों में सहयोग देने और आपसी भाईचारा बनाए रखने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सिख समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय बनने से प्रदेश ही नहीं बल्कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सिख इतिहास की समृद्ध विरासत से परिचित होने का अवसर मिलेगा। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया।
समारोह के दौरान सामाजिक एकता, भाईचारे और समाज की प्रगति पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर गुरपाल सरपंच, रणजीत सिंह, भूपिंदर सिंह, इकबाल सिंह, दलजीत सिंह, कश्मीर सिंह, कुलदीप सिंह, बलबीर सिंह सहित सिख समाज के अनेक गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
