सांसद नवीन जिंदल ने दिशा की 7वीं बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं के कार्यों की करी समीक्षा

सभी अधिकारी अपने विभाग के कार्य को जिम्मेदारी के साथ करें : नवीन जिंदल


-ठोल से झांसा रोड के कार्य को करने में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के कॉन्ट्रैक्ट को रद्द करने के दिए निर्देश
-गांव खैरा में दो करोड़ रुपए से युवाओं के विभिन्न खेलों के लिए स्टेडियम व सुविधाएं की जाएंगी तैयार
-पीएम किसान योजना के तहत वर्ष 2026-27 में अभी तक 47477 किसानों के खातों में भेज 9 करोड़ 69 लाख 54 हजार रुपए
-पीएम सूर्य घर योजना में 11521 में से 7768 नागरिकों को दिया जा चुका है योजना का लाभ

राजेश वर्मा। कुरुक्षेत्र भूमि 
कुरुक्षेत्र, 22 जुलाई

कुरुक्षेत्र लोकसभा सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि सभी अधिकारी अपने विभाग से संबंधित कार्य को खुद जिम्मेदारी के साथ देख ले तो तेजी से सुधार होगा और सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। सांसद ने बैठक में लंबे समय से लंबित ठोल से झांसा रोड के कार्य को करने में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के कॉन्ट्रैक्ट को रद्द करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दूसरी एजेंसी से इस कार्य को समयबद्ध पूरा करवाने को कहा गया। सांसद ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से गांव खैरा के खेल स्टेडियम के लिए दो करोड़ रुपए खेल विभाग के पास भेजे हैं। इस राशि से युवाओं के विभिन्न खेलों के लिए स्टेडियम व सुविधाएं तैयार की जाएंगी।
सांसद नवीन जिंदल बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित दिशा की 7वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में पहुंचने पर सांसद नवीन जिंदल का उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने स्वागत किया। सांसद नवीन जिंदल ने बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं के कार्यों को लेकर विभागों के साथ समीक्षा की।
सांसद नवीन जिंदल ने पीडब्ल्यूडी विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि कैथल से कुरुक्षेत्र और कुरुक्षेत्र से यमुनानगर तक मार्ग को फोरलेन की योजना तैयार करते हुए आने वाले 50 सालों की संभावना को ध्यान में रखा जाए। ऐसे में भूमि अधिग्रहण का कार्य 6 लेन के हिसाब से किया जाना चाहिए। उन्होंने गांव धूलगढ़ से गांव मांगना मार्ग के कार्य को 4 महीने में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे पर रॉग लेन में चलने वाले वाहनों को रोकने के लिए डीजी पुलिस के साथ पत्राचार किया जाएगा। रॉग साइड में ट्रकों के चलने से हादसों का भय बना रहता है और ये दूसरे वाहनों के लिए अवरोधक भी बनते हैं।
उन्होंने कहा कि जलबेहड़ा से शाहाबाद तक एनएच 152 जी का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। फिनिशिंग वर्क को भी इसी सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनाज मंडी झांसा, सब यार्ड ठोल, एनजीएम और एक्सटेंशन एनजीएम लाडवा, एनजीएम और एनवीएम शाहाबाद के कार्य को पूरा कर लिया गया है। एनजीएम बाबैन के कार्य को नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। सिंचाई विभाग द्वारा बरसाती जल को बचाने के लिए 100 रिचार्ज बोरवेल को बनाया गया है। इस वर्ष में 180 रिचार्ज बोरवेल को बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सांसद नवीन जिंदल ने महिला एवं बाल विकास विभाग की पीओ को निर्देश दिए कि वो जनस्वास्थ्य विभाग के साथ तालमेल कर सभी आंगनबाडिय़ों में पीने की पानी की व्यवस्था को सुनिश्चित करें। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारी को मिड डे मील को संबंधित खंड में तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सरकारी स्कूलों में पीने के पानी, शौचालय, विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था और कमरों की उचित व्यवस्था करने को कहा गया और सभी स्कूलों में बच्चों को शुरूआत से ही अंग्रेजी विषय व अन्य विषयों की अच्छी पढ़ाई के साथ जिला को शिक्षा के क्षेत्र में नंबर वन पर लाने के लिए कार्य करें, ताकि अभिभावक अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में भेजने के लिए मजबूर हों।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि विकास योजना के तहत विभाग ने गांव बारवा और गांव गुमथला गढू किसानों के कलस्टर तैयार किए हैं। प्रत्येक कलस्टर में 125 किसानों को जोड़ा गया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत वर्ष 2025-26 के खरीफ सीजन में 2541 किसान और रबी के सीजन में 1992 किसानों ने पंजीकरण करवाया था। जिले में पीएम किसान योजना के तहत वर्ष 2025-26 में 48477 किसानों के खातों 31 करोड़ 61 लाख 24 हजार रुपए भेजे गए। वर्ष 2026-27 में अभी तक 47477 किसानों के खातों 9 करोड़ 69 लाख 54 हजार रुपए भेजे गए हैं।
सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि पीएम सूर्य पोर्टल पर 30 जून 2026 तक 11521 नागरिकों ने आवेदन किए हैं, इनमें से 7768 नागरिकों को योजना का लाभ दिया जा चुका है। इसी तरह आपकी बेटी हमारी बेटी योजना के तहत 1 करोड़ 6 लाख 90 हजार रुपए पात्रों के खातों में भेजे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिला में 1 लाख 44 हजार 407 बीपीएल कार्ड के तहत 5 लाख 57 हजार 351 नागरिक और 11 हजार 195 एएवाई कार्ड के तहत 30 हजार 763 नागरिक जुड़े हैं, जिन्हें सरकार की तरफ से नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट के तहत लाभ दिया जा रहा है। इसी तरह हर घर हर गृहणी योजना के तहत 76 हजार 783 कनेक्शन जारी किए गए हैं।
इस मौके पर विधायक शाहाबाद रामकरण, जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, जिला परिषद सीईओ वीरेंद्र चौधरी, एसडीएम अमन कुमार, एसडीएम पिहोवा गुरविंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक व अधिकारीगण मौजूद रहे।

विभाग के अधिकारियों के साथ केंद्र सरकार की योजना की समीक्षा की
सांसद नवीन जिंदल ने बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना, जल जीवन मिशन, खेलो इंडिया, सर्व शिक्षा अभियान, मिड डे मील, प्रधानमंत्री कृषि विकास योजना, सॉयल हेल्थ कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम किसान योजना की समीक्षा की। उन्होंने एनएचएम, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, पीएम सूर्य घर योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्ट्रीट वेंडर आत्मा निर्भर निधि योजना की संबंधित विभाग के साथ चर्चा की। इसी तरह बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वीबी जी राम जी, दीन दयाल अंत्योदय योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण आवास योजना, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना की समीक्षा की। उन्होंने पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप, ई श्रम पोर्टल, स्वामित्व योजना, राष्ट्रीय ग्राम आवास अभियान सहित अन्य केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा की।
Previous Post Next Post