गीता मॉडल स्कूल में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति के साथ संपन्न



राजेश वर्मा। कुरुक्षेत्र भूमि

पिहोवा,

गीता मॉडल स्कूल में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व परम पूज्य गीतामनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के पावन सान्निध्य में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। 


विद्यालय परिसर में आगमन पर स्काउट एवं गाइड के विद्यार्थियों ने आकर्षक सलामी देकर पूज्य महाराज श्री का सम्मानपूर्वक स्वागत किया। तत्पश्चात विद्यालय परिवार ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका भावपूर्ण अभिनंदन किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ महाराज जी के कर कमलों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं किड्स विंग के नन्हे विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गुरु वंदना से हुआ। 

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा स्वागत नृत्य, भक्ति-गीत, योग प्रदर्शन,श्री मद भगवद गीता के श्लोकोच्चारण तथा गुरु महिमा पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों का मन मोह लिया।

अपने दिव्य आशीर्वचनों में पूज्य गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने कहा कि सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए नींव का मजबूत होना आवश्यक है ।उन्होंने बच्चों के माता-पिता एवं गुरुजनों द्वारा दिए गए संस्कारों ,आदर्श और नैतिक मूल्यों का पालन करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यही संस्कार उन्हें एक श्रेष्ठ नागरिक एवं सफल इंसान बनाएंगे।

 


विद्यालय प्रबंधन ने पूज्य महाराज श्री के श्रीचरणों में कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके आगमन को समस्त विद्यालय परिवार के लिए सौभाग्य एवं प्रेरणा का अनुपम अवसर बताया। कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन सतपाल अरोड़ा, प्रधानाचार्य नरेश रानी, मैनेजिंग डायरेक्टर विनय अरोड़ा, उप मुख्यअध्यापिका निशा गर्ग,मैनेजर कृतिका अरोड़ा और प्रियंका गोयल, शिक्षकगण, कृष्ण कृपा परिवार से आये सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन पूज्य महाराज श्री के मंगल आशीर्वाद एवं सभी के उज्ज्वल भविष्य, राष्ट्र निर्माण तथा विश्व कल्याण की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।

https://youtu.be/AQeZdhtlj_I?si=_Ze4W1sAl79hoCKo

#pehowa #kurkshetra #haryana #gita manishi

Previous Post Next Post