सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत पिहोवा में स्वच्छता अभियान एवं ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा आयोजित: एसडीएम राहुल कनवारिया
प्रातः 7 बजे होगी स्वच्छता अभियान की शुरूआत, सायं 5.30 बजे जलाए जाएंगे आर्शीवाद के दीए
पिहोवा (राजेश वर्मा ) - उपमंडल अधिकारी नागरिक पिहोवा राहुल कनवारिया, आईएएस ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत दिनांक 17 सितंबर वीरवार को पिहोवा में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रातः 7 बजे सरस्वती तीर्थ, पिहोवा पर उपमंडल प्रशासन द्वारा सभी सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सभी सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं तथा आमजन से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
एसडीएम राहुल कनवारिया ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से सरस्वती तीर्थ को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश भी मजबूत होगा। उन्होंने बताया कि स्वच्छता अभियान के उपरांत सायं 5.30 बजे सरस्वती तीर्थ, पिहोवा पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अवसर पर उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने तथा सेवा संकल्प अभियान-2026 का हिस्सा बनने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सभी लाभार्थियों से सायं 7 बजे अपने-अपने घरों पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पहल सेवा, सद्भावना, सकारात्मकता एवं सामाजिक एकजुटता का संदेश देने का माध्यम बनेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे 17 सितंबर को आयोजित होने वाले दोनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर सेवा संकल्प अभियान-2026 को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
Tags
Pehowa