सरस्वती तीर्थ, श्रीसंगमेश्वर महादेव मंदिर और विधानसभा के हर बूथ पर होगा आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम : राहुल कनवारिया



सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के सहयोग से सफल बनाया जाएगा अभियान, साफ-सफाई पर रखा जाएगा विशेष फोकस 
पिहोवा (राजेश वर्मा):  उपमंडल अधिकारी नागरिक राहुल कनवारिया ने कहा कि जिला प्रशासन कुरुक्षेत्र द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत पिहोवा उपमंडल में भी विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य आमजन को जनसेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों में स्वच्छता, वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, हेल्थ चेकअप कैंप सहित अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियां शामिल होंगी। इसमें 17 सितंबर को सरस्वती तीर्थ पिहोवा, श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर अरुणाय और विधानसभा के हर बूथ पर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 
एसडीएम राहुल कनवारिया, आईएएस बुधवार को अपने कार्यालय में सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। इस मौके पर जिला परिषद की चेयरमैन कंवलजीत कौर, नगरपालिका चेयरमैन आशीष चक्रपाणि तथा पिहोवा मार्केट कमेटी के चेयरमैन तरूणदीप वडैच भी विशेष रूप से मौजूद थे। एसडीएम राहुल कनवारिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत उपमंडल पिहोवा में साफ-सफाई के कार्य को वीरवार से शुरू किया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए नगरपालिका सचिव सहित विभिन्न विभागों तथा धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के लोग शामिल होंगे। यह अभियान सरस्वती तीर्थ पिहोवा से शुरू किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शहर के सभी मुख्य मार्गों व अन्य स्थानों पर सफाई अभियान निरंतर चलाया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि विभिन्न वार्डों के पार्षदों तथा गांवों के सरपंचों द्वारा आमजन को इस सफाई अभियान के जोड़ा जाएगा। बैठक में एसडीएम ने नगरपालिका सचिव को आदेश दिए कि सफाई अभियान के लिए जिस सामान की आवश्यता है, वह उपलब्ध करवाई जाए। सफाई को एरिया वाईज़ बांटकर अभियान में तेजी लाएं ताकि शहर का कोई कोना सफाई से वंचित न रहे। इस अभियान में आमजन को भी सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखना होगा तथा अपनी नैतिक जिम्मेवारी समझकर प्रशासन का सहयोग करें। 
बैठक में जिला परिषद की चेयरमैन कंवलजीत कौर ने कहा कि सरकार द्वारा आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम हरियाणा में 17 सितंबर 2026 को आयोजित किया जा रहा है। सरकार द्वारा उपमंडल पिहोवा में लगभग 10 हजार आर्शीवाद के दीए जलाए जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से जनसेवा, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण के प्रति सामूहिक संकल्प की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम में धार्मिक एवं पवित्र स्थलों, सरकारी भवनों, शिक्षण संस्थानों आदि पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थी परिवारों को भी जोड़ा जाएगा। ये परिवार अपने-अपने घरों में दो आर्शीवाद दीए जलाएंगे। यह कार्यक्रम सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और विकसित भारत 2047 की भावना से भी जोड़ा गया है। 
नगरपालिका चेयरमैन आशीष चक्रपाणि ने नगरवासियों व सभी सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से आहवान किया कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़ कर भाग लें तथा सरकार द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत साफ-सफाई में अपना योगदान दें। बैठक में मार्किट कमेटी पिहोवा प्रधान तरुणदीप सिंह वड़ैच, तहसीलदार पिहोवा पूनम सोलंकी,नयाब तहसीलदार सागर मल,भाजपा नेता युधिष्ठिर बहल, सरस्वती हेरीटेज बोर्ड सदस्य रामधारी शर्मा, नगरपालिका सचिव आनंद श्योराण, मार्किट कमेटी सचिव चन्द्र सिंह, किताब वाला बैंक सचिन मित्तल, भाजपा मनदीप विर्क, स्वास्थ्य विभाग डॉ नमिता गुप्ता,धर्मपाल दुलगढ, लाइंस क्लब, पिहोवा वानर सेवा समिति के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post