फर्जी लाइव स्टिंग ऑपरेशन मामले में गिरफ्तार न्यूज़ चैनल के पदाधिकारी अदालत में पेश, पुलिस रिमांड पर लिए गए

फर्जी लाइव स्टिंग ऑपरेशन मामले में गिरफ्तार न्यूज़ चैनल के पदाधिकारी अदालत में पेश, पुलिस रिमांड पर लिए गए

- आरोपियों की व्हाट्सएप चैट से सामने आए अहम तथ्य, हरियाणा और मुख्यमंत्री को निशाना बनाकर कथित दुष्प्रचार करने के पहलू उजागर

- अदालत के आदेश पर पुलिस रिमांड


कुरुक्षेत्र, 11 अक्टूबर(राजेश वर्मा): हरियाणा पुलिस द्वारा फर्जी लाइव स्टिंग ऑपरेशन दिखाकर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने के मामले में गिरफ्तार लिविंग इंडिया न्यूज़ चैनल के 5 पदाधिकारियों को रविवार को माननीय अदालत में पेश किया गया। आगामी जांच और मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की पड़ताल के लिए अदालत के आदेशानुसार एमडी अतुल अग्रवाल व पत्रकार नीतू को 4 दिन तथा एंकर सुदेश नैन व एडिटर सौरभ को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है जबकि लवप्रीत को 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है|

- व्हाट्सएप चैट से सामने आए महत्वपूर्ण तथ्य

पुलिस अधीक्षक श्री चंद्र मोहन ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जांच के दौरान आरोपियों की आपसी व्हाट्सएप चैट से कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले के विभिन्न पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

- हरियाणा और मुख्यमंत्री को निशाना बनाने के पहलू की जांच

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपियों की आपसी बातचीत से कथित तौर पर एक सुनियोजित दुष्प्रचार के तहत पंजाब चुनाव में हरियाणा प्रदेश और मुख्यमंत्री हरियाणा श्री नायब सिंह सैनी को निशाना बनाने तथा फर्जी वीडियो के माध्यम से दुष्प्रचार कर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से सामग्री तैयार करने और प्रसारित करने के पहलू सामने आए हैं। पुलिस इन तथ्यों की पुष्टि के लिए व्हाट्सएप चैट, डिजिटल साक्ष्यों, वीडियो की वास्तविकता और अन्य संबंधित रिकॉर्ड का विश्लेषण कर रही है।

- डिजिटल साक्ष्यों और वीडियो की वास्तविकता की होगी पड़ताल


श्री चंद्र मोहन ने कहा कि मामले की जांच निष्पक्षता, पारदर्शिता और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर फर्जी स्टिंग ऑपरेशन का उद्देश्य, मुख्यमंत्री हरियाणा और हरियाणा प्रदेश को नुकसान पहुंचाने की मंशा और मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।

- तथ्यों के आधार पर होगी आगामी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि मामले में सभी संबंधित पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सबूत जनता के सामने हैं और किसी प्रकार के संशय की कोई गुंजाइश नहीं बचती।

Previous Post Next Post