धार्मिक पर्वों से पहले पिहोवा में शराब-मांस की कथित बिक्री और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की मांग, शिव सेना हिंदुस्तान ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

धार्मिक पर्वों से पहले पिहोवा में शराब-मांस की कथित बिक्री और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की मांग, शिव सेना हिंदुस्तान ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

पिहोवा (राजेश वर्मा ) : आगामी हिंदू धार्मिक पर्वों को देखते हुए धार्मिक नगरी पिहोवा में धार्मिक मर्यादा बनाए रखने, प्रतिबंधित गतिविधियों पर रोक लगाने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करवाने की मांग को लेकर बुधवार को शिव सेना हिंदुस्तान, हरियाणा की ओर से उपमंडल अधिकारी (नागरिक) पिहोवा को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि पिहोवा एक प्राचीन एवं धार्मिक नगरी है, जहां देश-प्रदेश से श्रद्धालु धार्मिक अनुष्ठानों और तीर्थ स्नान के लिए पहुंचते हैं। श्राद्ध पक्ष के बाद नवरात्रों सहित लगातार विभिन्न हिंदू धार्मिक पर्व एवं आयोजन होने हैं, ऐसे में शहर की धार्मिक मर्यादा, स्वच्छता, कानून-व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं और आम जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर प्रशासन द्वारा विशेष निगरानी की जाए। शिव सेना हिंदुस्तान ने ज्ञापन के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शराब, मांस एवं अन्य प्रतिबंधित गतिविधियों को लेकर सामने आ रही शिकायतों और आरोपों की निष्पक्ष जांच करवाने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही मिठाई की दुकानों, हलवाई की दुकानों, रेस्टोरेंट, ढाबों, खाने-पीने की दुकानों, रेहड़ियों तथा अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की विशेष जांच करवाकर खाद्य पदार्थों के सैंपल लेने की मांग की गई। संगठन ने विशेष रूप से मिठाइयों, दूध एवं दूध से बने उत्पादों, पनीर, खोया, घी, तेल, मसालों तथा अन्य खुले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने की मांग करते हुए कहा कि मिलावटी, नकली, एक्सपायरी अथवा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाई जाए। ज्ञापन में खाद्य सुरक्षा विभाग को विशेष अभियान चलाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग भी रखी गई। संगठन ने धार्मिक स्थलों एवं प्रमुख बाजारों के आसपास प्रशासन, पुलिस, नगर पालिका तथा खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण अभियान चलाने, साफ-सफाई, खाद्य सुरक्षा, अतिक्रमण और प्रतिबंधित गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में शिव सेना हिंदुस्तान, हरियाणा के अध्यक्ष जगीर मोर, जिला प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, पिहोवा शहरी प्रधान रोशन शर्मा सहित अन्य शिव सेना हिंदुस्तान के कार्यकर्ता शामिल रहे। संगठन ने प्रशासन से मांग की कि धार्मिक पर्वों को देखते हुए समय रहते आवश्यक जांच और निगरानी अभियान शुरू किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम जनता को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके।

Previous Post Next Post