राजेश वर्मा। कुरुक्षेत्र भूमि
पिहोवा,
श्रीकृष्ण कृपा गौशाला एवं श्री कृष्ण कृपा परिवार के तत्वावधान में परम पूज्य महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के पावन सान्निध्य में गौ सेवा को समर्पित चार दिवसीय दिव्य गीता सत्संग का भव्य आयोजन 30 जुलाई से 2 अगस्त तक स्थानीय अनाज मंडी में किया जाएगा। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सेवादार पूरी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। श्री कृष्ण कृपा गौशाला के अध्यक्ष जगदीश तनेजा एवं श्री कृष्ण कृपा परिवार के अग्रणी सेवादार नरेश शर्मा ने बताया कि सत्संग का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना, भारतीय संस्कृति, गौ सेवा तथा मानव सेवा के प्रति जागरूकता का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि स्वामी श्रीमद्भगवद्गीता के अमूल्य संदेशों का सरल एवं प्रेरणादायी वर्णन करेंगे। कार्यक्रम में उद्योगपति, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य नागरिक भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। जगदीश तनेजा ने बताया कि धार्मिक आयोजन के साथ-साथ समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए शनिवार, 1 अगस्त को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मेगा सुपर स्पेशलिटी हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में ऑल केमिस्ट, ओजस हॉस्पिटल पंचकूला एवं डेंटल कॉलेज, यमुनानगर के सहयोग से विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों की निःशुल्क जांच की जाएगी। मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी।
