राजेश वर्मा। कुरुक्षेत्र भूमि
पिहोवा, 29 जुलाई
संगमेश्वर महादेव मंदिर अरुणाय में गुरु पूर्णिमा का पर्व धूमधाम से मनाया गया। श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी व संगमेश्वर मंदिर के सचिव महंत विश्वनाथ गिरी के सानिध्य में हुए कार्यक्रम में सैंकड़ों श्रद्धालु गुरु पूजन के लिए पहुंचे और आशीर्वाद तथा नामदान लिया। इसके साथ ही मंदिर में श्रावण मास का आगाज भी धूमधाम से शुरू हुआ। महंत विश्वनाथ गिरी ने कहा कि गुरु ही जीवन में अज्ञानता के अंधकार को मिटाकर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। गुरु के बिना ज्ञान की प्राप्ति नहीं हो सकती। गुरु का सम्मान करने वाला कभी जीवन में विफल नहीं होता। इस अवसर पर गुरु पूर्णिमा का भंडारा हुआ। जिसमें हजारों श्रद्धालुओं और संत महात्माओं ने प्रसाद ग्रहण किया। महंत धीरज पुरी व सेवादल के प्रबंधक भूषण गौतम ने बताया कि श्रावण मास के कार्यक्रम पूरा महीना होंगे। सुबह चार बजे आरती, उसके बाद एक घंटा श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए समय रखा जाएगा, 5 बजे 11 हजार बेलपत्र पूजा शुरू होगी। इसके बाद पार्थिव पूजन होगा। शाम को 5 बजे तक श्रृंगार दर्शन होंगे। श्रावण मास शिवार्चन महोत्सव एवं अखंड रुद्राभिषेक भी होगा। 10 अगस्त को श्रावण माह की महाशिवरात्रि का मेला लगेगा। कांवड़ियों के द्वारा लाया गया जल 10 अगस्त की मध्यरात्रि के बाद भगवान भोलेनाथ को अर्पित किया जाएगा। 25 अगस्त को विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्रद्धालुओं को अपडेट रखने के लिए मंदिर की ओर से वेबसाइट भी लॉन्च की गई है। वेबसाइट पर सभी कार्यक्रमों का विवरण भंडारों व पूजा आदि की बुकिंग देखी जा सकती है। इस अवसर पर सेवादल प्रधान रमणीक सिंगला, प्रिंसिपल खजान मेहला, पंडित शंभू दत गौतम, सूर्यकांत शर्मा, पंडित सतीश शास्त्री, अंशुल बंसल, ऋषि राम, केशव गौतम, वंश गौतम, लाभ कश्यप सहित श्रद्धालु मौजूद रहे।
