राजेश वर्मा। कुरुक्षेत्र भूमि
पिहोवा,
संगमेश्वर महादेव मंदिर, अरुणाय में आयोजित श्रावण महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक कार्यक्रमों का क्रम निरंतर जारी है। इसी कड़ी में मंदिर प्रशासन की ओर से हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष को श्रावण पूजा एवं महोत्सव में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया गया। मंदिर सेवादल के प्रबंधक भूषण गौतम, मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी तथा कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के पुत्र गौरव बेदी ने राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें निमंत्रण पत्र भेंट किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने शीघ्र ही अपनी उपलब्धता के अनुसार कार्यक्रम तय कर संगमेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का अभिषेक करने का आश्वासन दिया। भूषण गौतम ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी श्रावण महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे श्रावण मास के दौरान मंदिर में प्रतिदिन रुद्राभिषेक, पूजा-अर्चना एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त की मध्यरात्रि से कांवड़ियों द्वारा भगवान शिव का जलाभिषेक प्रारंभ होगा, जो 11 अगस्त को पूरे दिन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ निरंतर जारी रहेगा। श्रावण महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की गई हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
