संगमेश्वर महादेव मंदिर अरुणाय की सड़क को फोरलेन करने की मुख्यमंत्री की घोषणा हुई पूरी : महंत विश्वनाथ गिरी
बस स्टॉप से संत निवास तक भी बढ़ाई दो-दो मीटर चौड़ाई
मुख्य मंदिर तक फोरलेन सड़क के डिवाइडर पर लगेंगी स्ट्रीट लाइटें
पिहोवा, 13 सिंतबर ( राजेश वर्मा): श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर अरूणाय में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी है। श्रावण मास और महाशिवरात्रि मेले के दौरान यहां लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंदिर तक सड़क को फोरलेन करने की जो घोषणा की थी। वह पूरी हो गई है। पिछले कई दिनों से तेज गति से मंदिर के रास्ते को फोरलेन किया जा रहा है। मंदिर सेवादल के प्रबंधक भूषण गौतम ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी जब पहली बार यहां आए थे तो श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी और मंदिर के सचिव महंत विश्वनाथ गिरी ने सड़क को चौड़ा करने की मांग उनके समक्ष रखी थी। जिसे पूरा करने की घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा की गई थी। इसी कड़ी में पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क को फोरलेन करने का 24 अप्रैल को शुरू कर दिया गया था । जो अब पूरा हो रहा है। उन्होंने बताया कि गांव के बस स्टॉप से लेकर संत निवास तक सड़क की चौड़ाई दो-दो मीटर बढ़ाई गई है और संत निवास से मंदिर तक के रास्ते को फोरलेन किया गया है। इसके साथ ही मंदिर तक बीच में स्ट्रीट लाइट भी लगाई जाएंगी। जिनकी निर्माण सामग्री मंदिर परिसर में पहुंच गई है। ये लाइटें भी इसी प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं।सेवादल प्रबंधक भूषण गौतम ने बताया कि इस कार्य पर लगभग 2 करोड रुपए प्रदेश सरकार की ओर से खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि छज्जुपुर रोड से बाइपास एनएच 152 तक जाने वाले राजबाहे के किनारे पर भी पक्की सड़क बनाने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई है ताकि इस रास्ते को निकासी रास्ते के रूप में प्रयोग किया जा सके। मंदिर प्रशासन ने इस सौगातको पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी और सरकार का आभार व्यक्त किया है।
Tags
Pehowa